सुंदरनगर में महिला शिक्षिका ने क्वार्टर में की आत्महत्या, भाई की शिकायत पर पति और सास-ससुर गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश में जिला मंडी के सुंदरनगर क्षेत्र में एक महिला शिक्षिका ने आत्महत्या कर ली। बीएसएल पुलिस कालोनी थाना के तहत जयदेवी स्कूल में कार्यरत अध्यापिका ने अपने क्वार्टर में फंदा लगा लिया। पुलिस ने महिला के मायका पक्ष की ओर से ससुरालियों पर मौत को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
आरोपों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने मृतक के पति, ससुर, सास और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में सुंदरनगर के भोजपुर निवासी आशिद ने कहा कि उसकी बहन की शादी सरकाघाट तहसील के बारू गांव में हुई थी। वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जयदेवी में व्यावसायिक शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी। जयदेवी में वह अपने पति के साथ क्वार्टर में रहती थी।
भाई बोला- ससुराल वाले करते थे प्रताड़ित
आशिद ने आरोप लगाया कि मृतका के पति, सास और ससुर उसे शादी के बाद से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। लंबे समय से ससुरालियों की प्रताड़ना झेल रही आशिम ने बीते मंगलवार को अपने क्वार्टर में फंदा लगाकर जान दे दी। पता चलने पर स्वजन उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने पुलिस से इस संदर्भ में आरोपितों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपितों का गिरफ्तार कर लिया गया है।






