बद्दी में नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्कर, ट्रक से टकराई कार; चिट्टा निगलने से मुख्य आरोपी की मौत
सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नशा तस्करों के खिलाफ बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स (Special Cell-X) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टे की खेप के साथ चार युवकों को पकड़ा। हालांकि पुलिस कार्रवाई से बचने के प्रयास में मुख्य आरोपी ने अपने पास मौजूद चिट्टा निगल लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
नाकाबंदी तोड़कर भागी कार, ट्रक से जा टकराई
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस को हरियाणा की ओर से चिट्टे की खेप लाए जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर बरोटीवाला टोल बैरियर के पास स्पेशल सेल-एक्स ने नाकाबंदी की। इसी दौरान हरियाणा नंबर (HR05AH-9078) की एक संदिग्ध कार वहां पहुंची।
पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने नाका तोड़ दिया और तेज रफ्तार में पुलिस टीम को टक्कर मारते हुए फरार होने की कोशिश की। करीब 15 से 20 मीटर आगे जाकर कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को घेर लिया।
पुलिस से बचने के लिए निगल लिया चिट्टा
पुलिस के अनुसार कार का चालक विक्रम ठाकुर उर्फ विक्की गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने पास रखा पूरा चिट्टा निगल गया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पुलिस टीम ने बिना देरी किए उसे अपने वाहन से बद्दी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान विक्रम ठाकुर उर्फ विक्की, निवासी गांव गोयला पन्नर, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है।
तीन आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने कार में सवार तीन अन्य युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान इस प्रकार हुई है—
विक्रम सिंह, निवासी बारोटीवाला, तहसील बद्दी, जिला सोलन।
गौरव कुमार, निवासी गांव बग्गूवाला, डाकघर बारोटीवाला, तहसील बद्दी।
आशीष मेहता, निवासी गांव बग्गूवाला, डाकघर बारोटीवाला।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9.02 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
एफएसएल टीम ने किया मौके का निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने कार और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
कार से बरामद हुआ यह सामान
एफएसएल जांच के दौरान पुलिस ने कार से नशे के कारोबार और सेवन से जुड़ी कई वस्तुएं बरामद कीं, जिनमें शामिल हैं:
9.02 ग्राम चिट्टा
20 रुपये का अधजला नोट
एल्युमिनियम फॉयल में लिपटी चिट्टे की चार छोटी पुड़ियां
एक इलेक्ट्रॉनिक डिजिटल वेट मशीन
एक खंजर (डैगर)
दो कीपैड मोबाइल फोन
दो स्मार्टफोन
एक छोटा मोबाइल फोन
एल्युमिनियम फॉयल के दो रोल (एक बड़ा, एक छोटा)
इस्तेमाल किए गए एल्युमिनियम फॉयल के कई टुकड़े
पुलिस रिमांड पर होंगे आरोपी
एसपी विनोद धीमान ने बताया कि इस संबंध में थाना बरोटीवाला में बीएनएस (BNS) और एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा।
रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी चिट्टे की खेप कहां से लेकर आए थे, इसे किसे सप्लाई किया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
एसपी बद्दी का बयान
एसपी विनोद धीमान ने कहा कि पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। इस मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।






