मंडी में बस से साढ़े पांच किलो चरस और 568 ग्राम अफीम बरामद, हरियाणा के तीन तस्कर गिरफ्तार केलांग–मनाली–धर्मशाला रूट की निजी बस में नाकाबंदी के दौरान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
मंडी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के शिला किप्पड़ में नाकाबंदी के दौरान केलांग–मनाली–धर्मशाला रूट पर चल रही एक निजी बस से 5.535 किलोग्राम चरस और 568 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने मामले में हरियाणा के सोनीपत निवासी अनिल कुमार उर्फ काला, कृष्ण कुमार और अमित को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार बरामद मादक पदार्थ तीनों आरोपियों के कब्जे से मिला। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। उन्होंने कहा कि मंडी पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। आम लोगों से भी नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।






