स्पीति के रंगरिक में गर्ल्स हॉस्टल के लिए 2 करोड़ मंजूर, स्वास्थ्य उपकेंद्र बनेगा PHC
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्पीति घाटी के रंगरिक में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए अहम घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नया कन्या छात्रावास बनाने के लिए दो करोड़ रुपये देने और गांव के स्वास्थ्य उपकेंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र यानी पीएचसी में अपग्रेड करने का ऐलान किया। ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने रंगरिक में रात बिताई और स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। छात्रावास के निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं को बेहतर सुविधाएं देने का भरोसा दिलाया। इसमें पानी की समस्या दूर करने, बाउंड्री वॉल बनाने और आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती जैसे मुद्दे भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों की जरूरतों को समझकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है।






