मनाली में निहंग पर्यटकों की दबंगई पड़ी भारी, पुलिस से बहस के बाद कटा 7500 रुपये का चालान
मनाली: पर्यटन नगरी मनाली में राजस्थान से घूमने आए कुछ पर्यटकों को वाहन की छत पर सफर करना और पुलिस के साथ बहस करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन और बिना लाइसेंस वाहन चलाने के मामले में कार्रवाई करते हुए कुल 7500 रुपये का चालान किया है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान नंबर की एक गाड़ी में सवार पर्यटक मनाली की ओर जा रहे थे। इस दौरान वाहन में मौजूद कुछ निहंग वाहन की छत पर बैठकर सफर कर रहे थे। गश्त पर तैनात पुलिस कर्मियों ने जब यह देखा तो वाहन को रोककर नियमों का पालन करने की बात कही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस द्वारा रोके जाने पर पर्यटकों ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों और कुछ स्थानीय लोगों के साथ बहस शुरू कर दी। मामला बढ़ता देख थाना प्रभारी मनीष शर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि कुछ समय तक पर्यटक थाना प्रभारी के साथ भी उलझते रहे, जिसके बाद सभी को आगे की कार्रवाई के लिए थाने ले जाया गया।
पुलिस जांच के दौरान एक और गंभीर लापरवाही सामने आई। वाहन चला रहे चालक से जब ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया तो वह वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन की छत पर सफर करने और बिना लाइसेंस वाहन चलाने के आरोप में कुल 7500 रुपये का जुर्माना लगाया।
डीएसपी केडी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
मनाली में पर्यटन सीजन के दौरान पुलिस लगातार यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर बनाए हुए है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।






