सुजानपुर के वार्ड हमीरपुर में मिलाने पर लोग रुष्ट
नगर निगम हमीरपुर के परिसीमन का जगह-जगह विरोध होना शुरू हो गया है। एक वार्ड दूसरे वार्ड में मिलाने पर लोगों में आक्रोश देखा गया है। वे अपनी आपत्ति हमीरपुर जिले के उपायुक्त के पास दर्ज करवा रहे हैं। गौरतलब है कि नगर निगम हमीरपुर के 15 वार्ड बनाए गए हैं। इन वार्डों के परिसीमन को लेकर जिला प्रशासन ने 9 जून तक आपत्तियां मांगी थीं। इसके तहत सोमवार को आखिरी दिन भी गांव व शहर के लोगों ने उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह को परिसीमन को लेकर अपनी आपति दर्ज करवाई। गौर रहे कि नगर निगम क्षेत्र के संबंध में 2 जून को जिला प्रशासन द्वारा वार्ड के परिसीमन के बारे में यह आपत्तियां मांगी थीं। सोमवार को वार्ड नंबर 4 कृष्णनगर के निवासी उपायुक्त से मिले और बस्सी झनियारा पंचायत में वार्डों के प्रस्तावित परिसीमन के संबंध में अपनी चिंताओं और सुझावों को व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में 16 राजस्व गांव शामिल हैं, जिनमें कृषि समिति, उचित मूल्य डिपो, पटवार सर्किल और डाकघर जैसी प्रमुख प्रशासनिक सेवाएं एक ही क्षेत्र में स्थित हैं। इसके अतिरिक्त, इस क्षेत्र के लिए विधायक निर्वाचन क्षेत्र सुजानपुर है। उन्होंने बताया कि वार्डों को विभाजित करने के मौजूदा प्रस्ताव में 4 राजस्व गांवों-लकुई, रकरियाल, कोहलारी और खेंडा को वार्ड नंबर 4 कृष्णानगर में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया वार्डों के विभाजन में बस्सी झनियारा पंचायत के चार गांव लकुई, रकरियाल, कोहलारी और खेंडा सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में आते हैं। वर्तमान में यह गांव हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में चले गए हैं। गांववासियों ने उपायुक्त से अनुरोध किया कि इस प्रस्ताव पर पुनर्विचार करें, वर्तमान वार्डों में ही बने रहें ताकि बेहतर प्रशासनिक दक्षता और प्रतिनिधित्व को बढ़ावा मिले। उन्होंने बताया कि 4 राजस्व गांव लकुई, रकरियाल, कोहलारी और खेंडा को वार्ड नंबर 3 हीरानगर में मिला दिया जाए।












