ऊना में विवाहिता की मौत के बाद बवाल! मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और मारपीट का लगाया आरोप
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के चताड़ा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर निगलने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान सीमा देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सीमा देवी की शादी वर्ष 2017 में चताड़ा निवासी अश्विनी कुमार के साथ हुई थी। उनका मायका पंजाब के नंगल में है। बताया जा रहा है कि 7 जुलाई को सीमा ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर पहले उसे एक निजी अस्पताल और फिर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, जहां उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।
'दहेज के लिए लगातार किया जाता था प्रताड़ित'
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सीमा को दहेज के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार का कहना है कि शादी में कार देने के बावजूद ससुराल पक्ष बाद में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगा। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर सीमा के साथ मारपीट की जाती थी।
मायके पक्ष के सदस्य परमजीत ने आरोप लगाया कि सीमा की डंडों से पिटाई की गई और उसका गला दबाने का भी प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि परिवार की बदनामी के डर से सीमा लंबे समय तक यह सब सहती रही, लेकिन लगातार हो रही प्रताड़ना ने आखिरकार उसकी जान ले ली। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल में दोनों पक्ष आमने-सामने
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।






