ऊना में बढ़ा विवाद: MLA राकेश कालिया के खिलाफ SC समाज की शिकायत, FIR की मांग
जिला ऊना के गगरेट विधानसभा क्षेत्र में अनुसूचित जाति समाज के लोगों ने विधायक राकेश कालिया के खिलाफ पुलिस थाना गगरेट में शिकायत दर्ज करवाई है। आरोप है कि विधायक ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान ऐसा व्यवहार किया, जिससे समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची।
इस मामले ने रविवार को तूल पकड़ लिया, जब दौलतपुर चौक पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए विधायक का पुतला जलाने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पुतला छीन लिया और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में प्रदर्शनकारियों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान यह विवाद हुआ। एमसी पार्क ऊना में आयोजित इस कार्यक्रम में एससी आयोग के चेयरमैन कुलदीप धीमान को श्रद्धांजलि देने के लिए बुलाया जा रहा था। इसी दौरान, जब कुलदीप धीमान पुष्प गुच्छ लेकर आगे बढ़ने लगे, तो विधायक राकेश कालिया नाराज हो गए।
बताया जा रहा है कि विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वह चार बार के विधायक हैं और उन्हें पहले बुलाया जाना चाहिए था। इस घटना को समाज के प्रतिनिधियों ने सार्वजनिक अपमान बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।
समाज के लोगों ने विधायक के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ऊना के एसपी सचिन हिरेमठ ने पुष्टि की है कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच की जा रही है।












