मंडी: सुंदरनगर में सड़क से नीचे लुढ़की बस, 30 यात्री थे सवार, 16 गंभीर रूप से घायल
मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब बिलासपुर से सुंदरनगर की ओर जा रही एक निजी बस भवाना पुल के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। बस में उस समय करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसे में 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री की जान नहीं गई, लेकिन करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, निजी बस बिलासपुर से सुंदरनगर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस जड़ोल–सलापड़ मार्ग पर भवाना पुल के समीप पहुंची, अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्री अंदर फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने तुरंत मोर्चा संभाला।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देरी किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






