रंजिश ने लिया खौफनाक रूप, बेटे की जान बचाने पहुंची मां की मौत; आरोपी सलाखों के पीछे
सोलन: जिले के अर्की उपमंडल की पंचायत शहरोल के कुईरू गांव में हुई एक सनसनीखेज वारदात में बेटे को बचाने पहुंची मां की जान चली गई। गांव में हुए विवाद के दौरान आरोप है कि आरोपी ने महिला को धक्का दे दिया, जिससे वह करीब 10 फीट नीचे आंगन में गिर गईं और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतका के बेटे शुभम निवासी कुईरू ने शिकायत दर्ज करवाई है। उसने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे जब वह घर लौट रहा था, तभी गांव के ही 44 वर्षीय व्यक्ति अनु ने रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपी ने शराब की बोतल से हमला करने की कोशिश भी की।
शोर सुनकर शुभम की मां मीना देवी और पत्नी दीक्षा मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव करने लगीं। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर मीना देवी को धक्का दे दिया, जिससे वह मकान के आंगन में गिर गईं। हादसे में उनके सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को नागरिक अस्पताल अर्की ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






