मिंजर मेले में पॉलिथीन पर सख्ती, पकड़े जाने पर दुकानदारों के कटेंगे चालान
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों के चालान काटे जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देश भी जारी कर दिए हैं। विभाग की टीम रोजाना चौगान में सजी अस्थायी मार्केट का निरीक्षण करेगी। इस दौरान कोई भी दुकानदार पॉलिथीन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह निर्णय शहर के वातावरण को स्वच्छ रखने की नीयत से लिया गया है। हर बार मिंजर मेले में भारी मात्रा में पॉलिथीन जमा होता है। शहर के चारों तरफ इसके ढेर दिखाई देते हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस बार सभी दुकानदारों को पहले ही सचेत कर दिया है कि वे पॉलिथीन का इस्तेमाल बिलकुल न करें। चौगान नंबर एक, दो और चार में अस्थायी मार्केट सजाई गई है। जबकि, तीन नंबर चौगान में झूले के साथ अन्य मनोरंजन स्टॉल लगाए गए हैं। दुकानों में डस्टबिन रखना भी अनिवार्य किया गया है ताकि किसी प्रकार की गंदगी न फैले। पीसीबी के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि पॉलिथीन का इस्तेमाल नहीं करने के लिए दुकानदारों को जागरूक कर दिया गया है। उसके बाद भी कोई इस्तेमाल करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।












