कुल्लू की सैंज घाटी में पंजाब के पर्यटकों की गुंडागर्दी, टक्कर के बाद तलवारों से हमला; दो घायल
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की सैंज घाटी में पंजाब से आए कुछ पर्यटकों की कथित गुंडागर्दी का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आरोप है कि पर्यटकों ने पहले एक स्थानीय व्यक्ति को कार से टक्कर मारी और जब लोगों ने विरोध किया तो तेजधार हथियार निकालकर हमला कर दिया। घटना में दो स्थानीय लोग घायल हुए हैं। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है और पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।
सड़क हादसे के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस को दी शिकायत में शेर सिंह निवासी गांव धरमेहड़ा, डाकघर रोपा, सैंज ने बताया कि वह मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे अपनी दुकान से सब्जी लेकर रेस्ट हाउस रोपा की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान रोपा चौक की तरफ से तेज रफ्तार में आई पंजाब नंबर की एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।
शोर सुनकर स्थानीय निवासी यादव देव और मोती राम मौके पर पहुंचे और कार सवार युवकों से घटना को लेकर पूछताछ करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान कार चालक मनदीप निवासी खन्ना, जिला लुधियाना और उसके साथियों प्रदीप सिंह, प्रीतपाल सिंह और जसन प्रीत ने तेजधार हथियार निकाल लिए और स्थानीय लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
तेजधार हथियारों से हमला, दो घायल
हमले में मोती राम और यादव देव को चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति के हाथ में गंभीर चोट लगी है। घटना के बाद सैंज घाटी में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और बड़ी संख्या में ग्रामीण देर रात पुलिस थाना सैंज पहुंच गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में तुरंत और सख्त कार्रवाई नहीं की। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोगों का आक्रोश साफ देखा जा सकता है। कुछ वीडियो में पुलिस जवानों पर नशे में होने के आरोप भी लगाए गए हैं।
घाटी में बढ़ी नाराजगी
घटना के बाद ग्रामीणों ने बाहरी राज्यों से आने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि पर्यटन की आड़ में कुछ लोग घाटी का माहौल खराब कर रहे हैं और ऐसे मामलों पर सख्ती जरूरी है।
क्या बोले एसपी कुल्लू
मदन लाल कौशल ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।






