भराड़ी: 16 वर्षीय छात्र ने लगाई फांसी, तीन माह पहले भी रहस्यमय हालात में हुआ था लापता
भराड़ी थाना क्षेत्र की हंबोट पंचायत के जंदोट गांव में ग्यारहवीं कक्षा के छात्र ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र की पहचान पीयूष (16) पुत्र प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। घटना मंगलवार शाम की है। सूचना मिलते ही भराड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पीयूष ने घर की ऊपरी मंजिल में कमरे की छत से दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। उसके पिता प्रवीण कुमार घर पर नहीं थे, वे ट्रक चालक हैं। घर की निचली मंजिल पर दादा-दादी रहते हैं, जबकि ऊपरी मंजिल पर पीयूष अपनी मां के साथ रहता था। शाम करीब साढ़े पांच बजे जब मां कमरे में पहुंची तो पीयूष को फंदे से लटका देखा। शोर मचाने पर दादा और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूत्रों के मुताबिक पीयूष तीन महीने पहले भी रहस्यमयी परिस्थितियों में घर से लापता हो गया था और पांच दिन बाद चंडीगढ़ में मिला था। पीयूष इकलौता बेटा था। पुलिस उपाधीक्षक चंद्रपाल सिंह ने मामले बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।












