पालमपुर में बैंक कर्मचारी महिला पर पति और सास के खातों से रकम ट्रांसफर करने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
पालमपुर: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर में एक महिला बैंक कर्मचारी पर अपने पति और सास के बैंक खातों से कथित रूप से धनराशि अपने खाते में स्थानांतरित करने के गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, संबंधित महिला पहले मारंडा स्थित बैंक शाखा में कार्यरत थी, जहां उसके पति और सास के खाते संचालित थे। बाद में उसका तबादला नगरोटा बगवां शाखा में हो गया। आरोप है कि इसी दौरान दोनों खातों से राशि निकालकर अपने खाते में ट्रांसफर की गई। साथ ही, खाताधारकों की सहमति के बिना दोनों खातों को दूसरी शाखा में स्थानांतरित करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्हें इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी बाद में मिली। फिलहाल खातों से कितनी राशि निकाली गई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस बैंक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच कर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
इस घटना के बाद बैंकिंग प्रक्रिया और खातों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि खातों का स्थानांतरण निर्धारित नियमों के तहत हुआ था या नहीं। जरूरत पड़ने पर संबंधित बैंक अधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी।
डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बैंक रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






