हल्दी रस्म के बीच शादीशुदा प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, देखते रह गए रिश्तेदार
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के उपमंडल अंब के एक गांव में उस समय शादी की खुशियां मातम और सन्नाटे में बदल गईं, जब शादी की रस्मों के बीच अचानक दुल्हन लापता हो गई। जिस घर में शहनाई की गूंज और मंगल गीतों की रौनक थी, वहां अब खामोशी और बेचैनी का माहौल है। रिश्तेदारों का जमावड़ा धीरे-धीरे वापस लौट रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव में शादी की तैयारियां पूरे जोरों पर थीं। दूल्हा और दुल्हन दोनों पक्षों के घरों में मेहमानों की भीड़ थी। महिलाएं पारंपरिक मंगल गीत गा रही थीं और दुल्हन को हल्दी लगाने की रस्म यानी बटना की प्रक्रिया चल रही थी। आंगन में हंसी-ठिठोली और खुशियों का माहौल था, हर कोई बारात के भव्य स्वागत की तैयारी में जुटा था।
लेकिन इसी बीच अचानक दुल्हन घर से गायब हो गई। पहले तो परिजनों ने सोचा कि वह कहीं आसपास होगी, लेकिन जब काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला तो चिंता बढ़ गई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
जैसे-जैसे समय बीता, मामला और साफ होता गया। बताया जा रहा है कि युवती का पहले से ही एक शादीशुदा युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार की ओर से तय की गई इस शादी के बावजूद, युवती अपने पुराने रिश्ते से जुड़ी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि हल्दी की रस्म के दौरान ही वह अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई।
इस घटना की जानकारी मिलते ही दूल्हा पक्ष और परिजन स्तब्ध रह गए। जिस घर में बारात के स्वागत की तैयारियां थीं, वहां अब शर्मिंदगी और तनाव का माहौल है। दोनों परिवारों के बीच स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी हुई है।
घटना के बाद लड़की के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आसपास के थानों को सूचना दे दी गई है और संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही दोनों को बरामद करने की बात कही गई है।






