ऊना में नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: 1.5 किलो चिट्टा सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, कार से हो रही थी सप्लाई
ऊना। नगर परिषद संतोषगढ़ क्षेत्र के ऊना–नंगडां मार्ग पर वार्ड नंबर-1 के अंतर्गत पुलिस की एंटी चिट्टा एसटीएफ टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एक मारुति कार से करीब 1 किलो 5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोअर देहलां, बरनोह और समूरकलां (जिला ऊना) निवासी 41 वर्षीय रमन, 40 वर्षीय गुरमुख और 28 वर्षीय सर्वजीत उर्फ विंद्र के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपी एचपी 20 जे 6570 नंबर की मारुति कार में सवार होकर वीरभद्र चौक की ओर से नंगडां मार्ग की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान एएसपी रेणु शर्मा के नेतृत्व में एसटीएफ टीम ने उन्हें जांच के लिए रोका।
तलाशी के दौरान कार में अलग-अलग कपड़ों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में चिट्टा बरामद हुआ, जिसे टीम ने तुरंत कब्जे में ले लिया।
फिलहाल एसटीएफ यह जांच कर रही है कि यह नशे की खेप कहां से लाई गई थी और आगे किसे सप्लाई की जानी थी। मामले में नेटवर्क और सप्लाई चेन की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।
पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।












