सुजानपुर: 16 वर्षीय छात्र के सुसाइड नोट से मचा हड़कंप, कटघरे में स्कूल प्रशासन; प्रिंसिपल की गिरफ्तारी की मांग
सुजानपुर (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा के सुजानपुर क्षेत्र के पटलांदर में 16 वर्षीय छात्र का शव किराये के मकान में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक डीएवी स्कूल आलमपुर में जमा एक का छात्र था। घटना का पता मंगलवार सुबह उस समय चला जब माता-पिता ने बेटे को कमरे में फंदे से लटका देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक छात्र मूल रूप से लंबागांव खंड के भलूंदर गांव का निवासी था और अपने माता-पिता के साथ पटलांदर में किराये के मकान में रह रहा था। उसके पिता सुजानपुर में सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं, जबकि माता सिलाई का काम करती हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार रात छात्र अपने माता-पिता के साथ पढ़ाई कर रहा था, लेकिन मंगलवार सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला।

मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब छात्र द्वारा कथित रूप से लिखा गया एक सुसाइड नोट सामने आया। परिजनों का दावा है कि नोट में स्कूल के कुछ अध्यापकों द्वारा मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का उल्लेख किया गया है। हालांकि पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की गहन जांच कर रही है।
घटना के बाद परिजनों, ग्रामीणों और स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों में भारी रोष देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग डीएवी स्कूल आलमपुर पहुंचे और स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा प्रिंसिपल की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
उधर, लंबागांव पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल को सुजानपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। वहीं परिजन और ग्रामीण भी सुजानपुर थाना पहुंचकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में कराया जा रहा है तथा सुसाइड नोट, परिजनों के आरोपों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






