केवल सिंह पठानिया ने किया कृषि विज्ञान केंद्र सरू का निरीक्षण
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने रविवार को कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) सरू का दौरा किया और केंद्र की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केवीके को जिले के किसानों और बागवानों की आर्थिकी को सशक्त करने के लिए और अधिक प्रभावशाली भूमिका निभानी चाहिए।
वैज्ञानिकों को निर्देश दिए कि वे दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर किसानों और बागवानों से सीधा संपर्क बनाएं और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों के साथ-साथ प्राकृतिक और व्यावसायिक खेती के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि चंबा जिले में बागवानी, विशेषकर सेब उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार मिल सकता है। कहा कि चंबा के अधिकतर क्षेत्रों में प्राकृतिक खेती की जाती है। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों का आह्वान किया कि वे इन उत्पादों को सीधे बाजार से जोड़ने के प्रयास करें ताकि किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य मिल सके और उनकी आय में बढ़ोतरी हो। कृषि विज्ञान केंद्र सरू के प्रभारी और वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि केंद्र की ओर से समय-समय पर किसानों को कृषि व बागवानी की आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाता है। वैज्ञानिक गांवों में जाकर फसलों में होने वाली बीमारियों और समस्याओं की जांच करते हैं और समाधान प्रदान करते हैं। इस अवसर पर चंबा विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज नैयर, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. केहर सिंह, डॉ. सुशील धीमान, किसान और बागवान उपस्थित रहे।












