हमीरपुर के नादौन में प्रवासी मजदूर की फावड़े से हत्या, रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद की आशंका
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र की फस्टे पंचायत में एक प्रवासी मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर निवासी दिग्विजय उर्फ गांगुली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात मृतक और उसके दो साथियों ने शराब का सेवन किया था। इसी दौरान रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद होने की आशंका है, जिसके बाद फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। करीब 24 घंटे बाद बुधवार रात कमरे में शव मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके से खून से सना फावड़ा और अन्य सामग्री कब्जे में ली है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर राजेश के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।






