बडू साहिब यूनिवर्सिटी में शर्मनाक हरकत: छात्राओं के टॉयलेट में वीडियो बनाता पकड़ा गया सफाई कर्मचारी
नाहन: जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल स्थित बडू साहिब की इटरनल यूनिवर्सिटी में छात्राओं की सुरक्षा और निजता से जुड़ा बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यूनिवर्सिटी परिसर के छात्राओं के टॉयलेट में सफाई कर्मचारी द्वारा कथित तौर पर वीडियो बनाए जाने की घटना से पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही छात्राओं में भारी रोष फैल गया और उन्होंने यूनिवर्सिटी परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पच्छाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सफाई कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान छेदन साहू पुत्र लाल साहू निवासी माल्गो लापुग, थाना लापुग जिला रांची (झारखंड) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ महीनों से यूनिवर्सिटी परिसर में सफाई कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार छात्राओं को शौचालय में वीडियो बनाए जाने की भनक लगी, जिसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छात्राओं ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन छात्राओं ने उसे दबोच लिया और धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने पकड़े जाने के बाद मोबाइल से वीडियो डिलीट कर दिए थे। हालांकि अब यह आशंका जताई जा रही है कि वीडियो डिलीट करने से पहले कहीं और फॉरवर्ड किए जा चुके हों। फिलहाल पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच रही है।
घटना की सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने आनन-फानन में बैठक बुलाई और बाद में पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद पच्छाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जानकारी यह भी सामने आई है कि जांच के तहत अन्य मजदूरों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
इस घटना ने एक बार फिर यूनिवर्सिटी में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उत्तर भारत की एकमात्र गर्ल्स यूनिवर्सिटी होने का दावा करने वाले संस्थान में छात्राओं के टॉयलेट की सफाई के लिए महिला कर्मचारियों की बजाय बाहरी पुरुष सफाई कर्मचारियों की तैनाती को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
गौरतलब है कि कुछ माह पहले भी इसी यूनिवर्सिटी की मेस में छात्राओं को कीड़े वाला भोजन परोसे जाने का मामला सुर्खियों में रहा था। अब टॉयलेट वीडियो कांड सामने आने के बाद छात्राओं और अभिभावकों में भारी चिंता और आक्रोश का माहौल है।
उधर, जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी सफाई कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।






