मनाली में वाहन पार्किंग के नाम पर हो रही लूट पार्किंग संचालक वसूल रहे मनमाने पैसे, पर्यटकों सहित वाहन चालकों में रोष
पर्यटन नगरी मनाली में आज-कल पर्यटकों का आनाजाना दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, जिससे मनाली में गाडिय़ों की पार्किंग करने में पर्यटकों के साथसाथ स्थानीय लोगों को भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। आलम यह है कि कुछ पार्किंग वाले इस समय पार्किंग के नाम पर पर्यटकों व स्थानीय लोगों को लूट रहे हैं। पार्किंग वालों की मनमानी के कारण वाहन चालकों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। वहीं, पर्यटकों में भी भारी रोष है। पर्यटकों के अनुसार मनाली में पार्किंग संचालक वाहन पार्किंग के अधिक पैसे लोगों से वसूल रहे हैं। सर्दियों के दिनों में यही पार्किंग वाले 50 रुपए दिन भर गाडिय़ां खड़ी रखने के लिए वसूल करते हैं, जैसे ही र्यटक सीजन मनाली में शुरू होता है, वैसे ही यह मनमाना दाम वसूल करना शुरू कर देते हैं, जिस से कई बार इन लोगों से बहस भी हो जाती है। ऐसा ही वाक्य सोमवार को देखने को मिला। मनाली नग्गर परिषद की पार्किंग के पास एक निजी कार चालक से करीब चार घंटे का 50 रुपए की जगह 100 रुपए वसूला गया, जबकि रसीद में कहीं भी समय नहीं दर्शाया गया, जब इस बारे में नग्गर परिषद अध्यक्ष मनोज लारजे से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि पार्किंग फीस दो घंटे के लिए 50 रुपए है। उसके बाद 20 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से चार्ज किया जाएगा। उन्होंने पार्किंग वालों को रसीद पर समय निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। हैरानी इस बात की है कि जब सर्दियों में मनाली की सड़कों पर कोई नहीं नजर आता, तो 50 रुपए दिन भर के क्यों लिए जाते हैं और पर्यटक सीजन में यह तीन चार गुना क्यों हो जाता है। स्थानीय लोगों व पर्यटकों के अनुसार नग्गर परिषद को बारह महीना एक ही फीस वसूल करनी चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों को भी पता चल सके और पार्किंग वालों से भी कोई बहस न हो।












