सड़क हादसे के बाद खुला नशा तस्करी का राज, चिट्टे और अफीम के साथ युवक-युवती गिरफ्तार
अनंत ज्ञान, मंडी।
जिला मंडी के थाना बल्ह पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 57.79 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) तथा 3.81 ग्राम अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना बल्ह में एनडीपीएस अधिनियम एवं धारा 281 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 जून की शाम को एक सड़क दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों को वाहन चालक और उसके साथ मौजूद युवती के नशे की हालत में होने तथा वाहन में संदिग्ध नशीले पदार्थ होने का संदेह हुआ। सूचना मिलते ही थाना बल्ह पुलिस मौके पर पहुंची और नियमानुसार वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 57.79 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) तथा 3.81 ग्राम अफीम बरामद की गई।
इसके अलावा नशे के सेवन में इस्तेमाल होने वाली अन्य संदिग्ध सामग्री भी पुलिस ने कब्जे में ली है। पुलिस ने मामले में वाहन चालक यशपाल निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी तथा शबनम निवासी धर्मपुर, जिला मंडी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले की आगामी जांच जारी है।






