सोलन सब्जी मंडी में टमाटर के दामों ने पकड़ी रफ्तार, हिमसोना 450 रुपए प्रति क्रेट बिका, सोलन और सिरमौर के टमाटर की बढ़ी मांग
देश की बड़ी सब्जी मंडियों में धीरे-धीरे सोलन और सिरमौर में तैयार हो रहे रेड गोल्ड यानि टमाटर की मांग बढऩे लगी है। इससे सोलन सब्जी मंडी में टमाटर की फसल की आमद बढ़ गई है। सोलन सब्जी मंडी में रोज सोलन और सिरमौर के तैयार हो रहे टमाटर की औसतन 5 से 8 हजार क्रेट पहुंच रही है। खास बात है कि पिछले हफ्ते की गिरावट के बाद टमाटर के दामों ने तेजी पकड़ी है। मंडी में हिमसोना बेस्ट क्वालिटी के दाम करीब 450 रुपए प्रति क्रेट बिका जबकि हाई ब्रिड टमाटर भी रफ्तार पकड़ी है। इससे किसानों को भी सूखे और ओले से हुए नुकसान की भरपाई होने की उम्मीद है। बता दें कि टमाटर सोलन और सिरमौर के किसानों की आर्थिकी का आधार बन चुका है। किसान बड़ी मात्रा में टमाटर और शिमला मिर्च का उत्पादन करते हैं।
वातानुकूलित ट्रकों से हो रही सप्लाई
बाहरी राज्यों में सोलन के टमाटर की मांग के चलते व्यापारी वातानुकूलित ट्रकों में टमाटर की खेप को गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, नासिक पहुंच रहे हैं। इसी तरह हरियाणा पंजाब, दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए भी टमाटर की सप्लाई की जाती है। सब्जी मंडी सोलन में टमाटर का व्यापार कर रहे आढ़ती तीर्थांनंद भारद्वाज और किशोर ठाकुर का कहना है कि बाहरी राज्यों के व्यापारी अब मंडी में आना शुरू हो चुके हैं और लगातार कच्चे हरे टमाटर की मांग कर रहे हैं। गर्मी का मौसम होने से पका हुआ टमाटर बाहरी राज्यों की मंडियों तक पहुंचने से पहले ही खराब हो जाता है। ऐसे में किसानों से व्यापारी आग्रह कर रहे हैं कि वो कच्चा हरा टमाटर ही मंडी में बेचने को लाएं।
दो वर्ष पहले टूटे थे रेट के रिकॉड
दो वर्ष पूर्व किसानों को रिकॉर्ड तोड़ दाम मिलते थे तब टमाटर का थोक भाव प्रतिकिलो 150 से 180 रुपए प्रतिकिलो तक पहुंच गया था। यानी प्रति क्रेट के दाम 4000 हजार से 4500 रुपए भी बिके। किसानों को इस बार भी अच्छे दाम मिलने की उ्मीद है। कारोबारियों का मानना है की मैदानी राज्यों में बारिश बढ़ते ही सोलन के टमाटर की मांग देश की बड़ी मंडियों में बढ़ जाएगी। इससे बेस्ट क्वालिटी टमाटर के दामों में अच्छा खासा उछाल आएगा। वहीं किसानों को भी इससे मुनाफा होगा, इससे किसानों के होने वाले नुकसान की भी भरपाई होगी।












