चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी ऑल्टो कार, युवक की मौ*त, चालक गंभीर घायल
चंबा: भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा जांघी के पास रात करीब ढाई बजे हुआ, जब एचपी 48बी-5540 नंबर की ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद इलाके में जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। अंधेरा और दुर्गम स्थल होने के बावजूद स्थानीय लोगों, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।
हादसे में पवन कुमार पुत्र जन्नत निवासी उलेणी डाकघर प्रीणा की मौके पर गंभीर चोटें आईं। वहीं कार चालक बर्फों पुत्र बुधिया भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को तत्काल उपचार के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पवन कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल चालक का अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम पसर गया। गांव में शोक का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात के सन्नाटे में तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अंधेरे के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।






