पांगी के सुराल में पैराग्लाइडिंग का सफल ट्रायल
पांगी घाटी के सुराल गांव में सोमवार को रोमांच प्रेमियों के लिए एक नया अध्याय शुरू हुआ। अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतीय अध्ययन संस्थान, मनाली के सहयोग से सुराल में पहली बार पैराग्लाइडिंग की सफल ट्रायल उड़ान का आयोजन किया गया। यह ट्रायल पांगी को साहसिक पर्यटन के नक्शे पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतीय अध्ययन संस्थान के उप-निदेशक डॉ. रोहित, पांगी के आवासीय आयुक्त रमन घरसंघी, तथा तहसीलदार शांता कुमार ने ट्रायल साइट का निरीक्षण किया और परियोजना की संभावनाओं की समीक्षा की। पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन खाजियार के सहयोग से यह ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सेवा संस्था के निदेशक डॉ. हरीश शर्मा, उनकी टीम, पांगी टूरिज्म, सुराल भटोरी के हितधारक, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि श उत्साही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। यह आयोजन पांगी घाटी में पर्यटन के नए आयामों की शुरुआत का संकेत देता है और आने वाले समय में सुराल को देश के प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशनों में स्थान दिलाने की दिशा में एक मजबूत प्रयास है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष चंबा की पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन और पांगी टूरिज्म टीम ने सुराल, कुमार, हुडान और चसक क्षेत्रों में पैराग्लाइडिंग की संभावनाओं का अध्ययन किया था, जिसमें सुराल घाटी को सर्वाधिक उपयुक्त पाया गया।












