हिमाचल में अब मीटर रीडिंग के आधार पर आएगा पानी का बिल, जलशक्ति विभाग ने शुरू की तैयारी
सोलन। हिमाचल प्रदेश में जलशक्ति विभाग ने पानी के बिल अब मीटर रीडिंग के आधार पर जारी करने का फैसला लिया है। अभी तक उपभोक्ताओं को औसत (एवरेज) बिल भेजे जा रहे थे, जिससे विभाग को राजस्व का नुकसान हो रहा था। विभाग का कहना है कि कई बार सप्लाई अधिक होने के बावजूद बिल कम बन रहे थे, इसलिए अब वास्तविक खपत के अनुसार ही बिल जारी किए जाएंगे।
सोलन नगर निगम क्षेत्र से होगी शुरुआत
इस व्यवस्था की शुरुआत सोलन नगर निगम क्षेत्र से की जा रही है। जलशक्ति विभाग की सप्लाई वाले क्षेत्रों में कर्मचारियों को घर-घर जाकर पानी के मीटरों की रीडिंग लेने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के पास सोलन शहर में करीब 3500 उपभोक्ता पंजीकृत हैं।
सप्रून, सलोगड़ा, आंजी, रबौण, कथेड़ और नगर निगम के वार्ड नंबर 1, 2, 3, 5, 15, 16 और 17 के कुछ क्षेत्रों में जलशक्ति विभाग पानी की सप्लाई करता है।
छह माह का बिल एक साथ होगा जारी
विभाग अब उपभोक्ताओं को छह माह का बिल एक साथ जारी करेगा। इससे पहले फरवरी में एवरेज आधार पर बिल जारी किए गए थे, लेकिन अब मीटर रीडिंग के अनुसार ही निर्धारित दरों पर बिल तैयार किए जाएंगे।
जलशक्ति विभाग के एसडीओ एन सिंह ने बताया कि मीटर रीडिंग के आधार पर बिल जारी करने के लिए कर्मचारियों को घर-घर जाकर रीडिंग लेने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, सोलन शहर में पेयजल आपूर्ति फिलहाल जलशक्ति विभाग और नगर निगम की दो अलग-अलग एजेंसियों के माध्यम से हो रही है। सरकार ने एक एजेंसी को जिम्मेदारी देने का फैसला लिया था, लेकिन यह व्यवस्था अभी लागू नहीं हो पाई है।






