हिमाचल के पहले e-बस डिपो की शुरुआत, हमीरपुर को मिलीं 115 इलेक्ट्रिक बसें; ऊना में दौड़ेंगी 50
हिमाचल प्रदेश में इलेक्ट्रिक परिवहन को बड़ा बढ़ावा मिला है। ऊना जिले के हरोली में प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का शुभारंभ हो गया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ई-बस डिपो के साथ एचआरटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय और ई-चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। इस मौके पर चार नई बस सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई गई।

हरोली में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के पहले ई-बस डिपो से शुरुआत में 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। वहीं, पूरे ऊना जिले में 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी, जिससे लोगों को बेहतर, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में शामिल की जा रही 297 इलेक्ट्रिक बसों में से 115 बसें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को मिली हैं। इसके अलावा ठियोग, नाहन और नादौन में भी ई-बस डिपो स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं, कांगड़ा में भी जल्द ई-बस डिपो बनाने की घोषणा की गई है।

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने हरोली–श्री चिंतपूर्णी बस सेवा शुरू करने की घोषणा की। साथ ही अंब बस अड्डे का निर्माण एक साल में पूरा करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के जीर्णोद्धार पर करीब 250 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली अब आधुनिक परिवहन सुविधाओं के केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 1000 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाने और ऊना पुराने बस अड्डे को आधुनिक सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की बात भी कही।
उन्होंने कहा कि हिमाचल में इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार प्रदूषण कम करने के साथ-साथ यात्रियों को बेहतर सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम है।






