श्मशानघाट को अपने पैसे से बन रही सड़क, सरकार से मदद न मिलने पर बीडीसी सदस्य और समाजसेवी ने उठाया बीड़ा
उपमंडल बंगाणा की पीपलू पंचायत के हटवाना क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की ओर है। हटवाना श्मशानघाट तक सड़क निर्माण कार्य की बहुप्रतीक्षित शुरुआत हो चुकी है। इस कार्य को किसी सरकारी योजना या बजट से नहीं, बल्कि स्थानीय बीडीसी सदस्य और समाजसेवी राजकुमार मनकोटिया ने अपनी निजी आय से प्रारंभ किया है। उन्होंने जेसीबी मशीन लगाकर लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क निकालने का कार्य आरंभ किया, जिससे अब क्षेत्र के दर्जनों गांवों को राहत मिलने की उम्मीद है। हटवाना श्मशानघाट से जुड़े पीपलू पंचायत और आसपास के कई गांव के लोग लंबे समय से अंतिम संस्कार के समय भारी कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। सड़क सुविधा न होने के कारण अर्थियों को कंधों पर उठाकर कठिन रास्तों से श्मशा घाट तक ले जाना पड़ता था। बरसात या किसी आपात स्थिति में यह कार्य और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता था। स्थानीय निवासी जनक सिंह, मुकेश कुमार, बलजीत सिंह, दिलबाग सिंह, दिनेश कुमार, सुरेश कुमार, तेजिंदर सिंह, विनोद कुमारसहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने राज कुमार मनकोटिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब कई बार पंचायत, प्रशासन और सरकार तक गुहार लगाने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला, तब उन्होंने यह मांग सीधे राजकुमार मनकोटिया के समक्ष रखी। राजकुमार ने इसे जनसमस्या मानते हुए व्यक्तिगत खर्च पर सड़क निर्माण का बीड़ा उठाया। बीडीसी सदस्य राजकुमार मनकोटिया ने कहा कि मैं जनता की समस्याओं को लेकर हमेशा प्रयासरत रहता हूं। अगर सरकार या प्रशासन में कहीं सुनवाई नहीं होती, तो मैं स्वयं उन समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करता हूं। हटवाना श्मशान घाट तक सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतें हो रही थीं। इसलिए मैंने बिना देरी किए जेसीबी लगवाकर सड़क निकालने का कार्य शुरू किया। राजकुमार मनकोटिया ने यह भी कहा कि श्मशानघाट तक सड़क पहुंचना केवल विकास नहीं, बल्कि मानवीयता और समाज के प्रति दायित्व है। बीडीसी सदस्य राजकुमार मनकोटिया की इस पहल ने प्रशासन और सरकार के समक्ष एक बड़ा संदेश दिया है कि यदि राजनेता या जनप्रतिनिधि इच्छाशक्ति से काम करें, तो संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बनती। राज कुमार मनकोटिया की यह पहल न सिर्फ हटवाना क्षेत्र बल्कि पूरे उपमंडल बंगाणा में चर्चा का विषय बन चुकी है। लोगों का मानना है कि इस प्रकार के जनसेवक समाज को आगे ले जाने की प्रेरणा देते हैं। इस सड़क के निर्माण से हटवाना श्मशान घाट तक पहुंचना अब आसान हो जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि यह कार्य जल्द पूरा हो जाएगा और आने वाले समय में इस सड़क पर पक्की सड़क निर्माण, बिजली, लाइटिंग और अन्य सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। स्थानीय निवासी चाहते हैं कि अब सरकार इस कार्य को संज्ञान में लेकर इसे स्थायी रूप से पक्की सड़क में बदले और राज कुमार की इस पहल को सम्मानित भी करे। वीडीसी सदस्य राज कुमार मनकोटिया की यह पहल न सिर्फ एक सामाजिक कार्य है बल्कि यह उस सोच की मिसाल है, जिसमें जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र के लोगों की सेवा को प्राथमिकता देते हैं।












