हिमाचल में 160 आउटसोर्स डाटा एंट्री ऑपरेटरों के रोजगार पर संकट, 13 साल सेवा के बाद भविष्य अधर में; सरकार के फैसले का इंतजार
हिमाचल प्रदेश के श्रम एवं रोजगार विभाग में करीब 13 वर्षों से सेवाएं दे रहे 160 आउटसोर्स डाटा एंट्री ऑपरेटरों के सामने अब रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों का मौजूदा सेवाकाल 30 सितंबर को समाप्त हो गया, जिसके बाद 1 अक्तूबर से काम जारी रखने को लेकर असमंजस बना हुआ है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें सेवा समाप्ति या काम पर नहीं आने को लेकर कोई स्पष्ट लिखित आदेश नहीं मिला है, जबकि जिला रोजगार अधिकारियों को मौखिक निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है। विभागीय स्तर पर सेवा विस्तार से जुड़ी फाइल उच्च स्तर पर विचाराधीन बताई जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने वर्षों तक विभाग में सेवाएं दी हैं और उनके परिवारों की आर्थिक जरूरतें इसी रोजगार से जुड़ी हैं। वहीं, आउटसोर्स कर्मचारी संगठन ने सरकार से जल्द फैसला लेकर सेवा विस्तार देने की मांग की है। अब करीब 160 कर्मचारियों और उनके परिवारों की नजर सरकार के अंतिम निर्णय पर टिकी है।






