हिमाचल में आफत की बारिश! 259 सड़कें बंद, मंडी-कुल्लू संपर्क कटा; मनाली हाईवे समेत 3 NH बाधित
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रदेशभर में 259 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं, जबकि 161 बिजली ट्रांसफार्मर और 54 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। सबसे ज्यादा असर मंडी जिले में है, जहां 120 सड़कें बंद पड़ी हैं।
भारी बारिश के कारण मंडी-कुल्लू का संपर्क कट गया है। मनाली हाईवे पर झलोगी के पास पहाड़ से पत्थर गिरने के कारण यातायात रोक दिया गया है। इसके अलावा मंडी जिले में तीन राष्ट्रीय राजमार्ग भी बाधित हुए हैं। पठानकोट-मंडी NH उरला के पास मलबा आने से बंद है, जबकि धर्मपुर-हमीरपुर NH कोटली के पास प्रभावित हुआ है।
कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में बराड़ के पास NH-305 पर अचानक चट्टानें गिरने से HP-35-7897 नंबर की कार मलबे और पत्थरों के नीचे दब गई। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हुए हैं। एक घायल को गंभीर स्थिति में रामपुर अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों घायल स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं।
आनी बस स्टैंड के पास भी भूस्खलन के कारण दो गाड़ियों पर मलबा गिरा। वहीं शिमला के संजौली स्थित सिमेट्री में रात के समय हुए भूस्खलन की चपेट में तीन बाइक आ गईं।
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार मंडी में 120, चंबा में 42, कुल्लू में 40 और शिमला में 30 सड़कें बंद हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग सड़कें खोलने के साथ-साथ बिजली और पेयजल व्यवस्था बहाल करने में जुटे हैं।
भारी बारिश के बीच चंबा के भटियात में सबसे अधिक 95.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। धर्मशाला में 74.1 मिमी, बजौरा में 67.5 मिमी और पालमपुर में 66.4 मिमी बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी दिनों में भी भारी बारिश की चेतावनी देते हुए यलो अलर्ट जारी रखा है।
उधर, पंडोह बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलाशयों के आसपास न जाने की अपील की है।






