चंबा में दर्दनाक हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, बेंगलुरु के 8 पर्यटकों की मौत
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में बैरगढ़-सच पास-किलाड़ मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पर्यटकों से भरी एक कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे उसमें सवार आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शव खाई में बिखर गए।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार पर्यटक सच पास क्षेत्र की ओर घूमने जा रहे थे। सच पास हिमाचल प्रदेश के सबसे दुर्गम और जोखिमपूर्ण पर्वतीय मार्गों में से एक माना जाता है, जहां सड़कें संकरी होने के साथ-साथ गहरी खाइयों से घिरी रहती हैं। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में चालक समेत कुल नौ लोग सवार थे, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक, बेंगलुरु से आया एक पर्यटक परिवार डलहौजी घूमने पहुंचा था। इस परिवार ने स्थानीय टैक्सी बुक की थी और डलहौजी में ठहरे एक अन्य पर्यटक परिवार के साथ वाहन साझा कर सच पास की ओर रवाना हुए थे। बर्फ से ढकी पहाड़ियों और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने निकले इन पर्यटकों की यात्रा कुछ ही घंटों में दर्दनाक हादसे में बदल गई।
हादसे की सूचना स्थानीय लोगों को मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन को तुरंत अवगत कराया गया। दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम होने और खाई की गहराई अधिक होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। देर शाम तक सभी शवों को बाहर नहीं निकाला जा सका था। प्रशासन ने स्थानीय लोगों, पुलिस और बचाव दलों की मदद से रविवार सुबह व्यापक रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
चंबा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई है और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में दो परिवारों के सदस्य सवार थे। हालांकि, वाहन में कुल आठ या नौ लोगों के होने संबंधी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है और इसकी पुष्टि की जा रही है। मृतकों में कुछ लोग बेंगलुरु से जबकि कुछ अन्य छत्तीसगढ़ से संबंधित बताए जा रहे हैं।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हुए हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, लेकिन दुर्घटना के सही कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। स्थानीय लोग भी राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।






