कार से टकराई नील गाय बड़ा हादसा होते-होते टला
चंडीगढ़-धर्मशाला मुख्य मार्ग पर बड़ूही के समीप गांव दिलवां में सोमवार तड़के करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार प्रेम नगर फेस-1, किरारी नॉर्थ ईस्ट दिल्ली निवासी रवि कुमार पुत्र कल्याण सिंह अपने भाई तरुण सागर के साथ कार नं. डीएल 9सीबीबी 8325 में दिल्ली से नूरपुर जा रहे थे। तड़के दिलवां गांव के समीप अचानक एक नील गाय सड़क पर दौड़ती हुई आ गई। रवि कुमार ने बताया कि उसने नीलगाय को बचाने की भरपूर कोशिश की और ब्रेक भी लगाए, लेकिन गाड़ी स्किड होकर सीधे नील गाय से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नीलगाय की मौके पर ही मौत हो गई और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, वाहन में सवार रवि और तरुण को किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं आई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटनाथल पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थनीय लोगों की मदद से नीलगाय को दफना दिया गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि इस मार्ग पर जंगली जानवरों की लगातार हो रही आवाजाही पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। थाना प्रभारी अंब अनिल ने बताया कि दुर्घटना में नील गाय की मौत हुई है और कार को नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है और जांच जारी है।












