सुंदरनगर में घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म, जाते-जाते 5 लाख के गहने भी ले गया आरोपी
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में एक महिला ने घर में घुसकर दुष्कर्म, सोने के आभूषण चोरी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर सुंदरनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 3 और 4 अगस्त की मध्यरात्रि एक व्यक्ति कथित तौर पर जबरन महिला के घर में दाखिल हुआ। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की। घटना के बाद आरोपी ने उसे और उसके पति को किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
अलमारी से करीब 5 लाख के गहने चोरी करने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपी घर की अलमारी में रखे करीब पांच तोले सोने के आभूषण भी ले गया। इन गहनों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपों से जुड़े तथ्यों एवं साक्ष्यों को जुटा रही है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।






