हमीरपुर में कथित अवैध खनन मामला: विधायक आशीष शर्मा के चाचा-भाई को मिली जमानत
हमीरपुर। पुंघ खड्ड में बंद पड़े स्टोन क्रशर से जुड़े कथित अवैध खनन मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। हमीरपुर सदर से विधायक आशीष शर्मा के चाचा प्रवीण शर्मा और भाई उमेश शर्मा को शनिवार को सेशन जज हमीरपुर की अदालत से नियमित जमानत मिल गई है। दोनों आरोपी करीब 17 दिन न्यायिक हिरासत में रहने के बाद अब जेल से बाहर आ गए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 15 अप्रैल को एसीजीएम कोर्ट ने दोनों को पुलिस रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अदालत के आदेश के बाद दोनों ने 15 अप्रैल को ही सरेंडर किया था, जिसके बाद पहले पुलिस रिमांड और फिर जेल भेजा गया।
यह मामला 13 अगस्त 2025 का है, जब सुजानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुंघ खड्ड में स्थित एक बंद स्टोन क्रशर पर पुलिस ने छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान मौके से पत्थर, बजरी और मशीनरी सहित अन्य सामान बरामद कर कब्जे में लिया गया था। पुलिस ने इस पूरे मामले में अवैध खनन के आरोपों के तहत प्रवीण शर्मा और उमेश शर्मा के साथ दो अन्य कर्मचारियों को भी आरोपी बनाया था।
मामले में पहले ही दोनों कर्मचारियों को 19 मार्च 2026 को सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल चुकी थी। वहीं प्रवीण शर्मा और उमेश शर्मा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी, जिसके बाद उन्हें अदालत में पेश होने के निर्देश दिए गए थे।
अब सेशन कोर्ट से नियमित जमानत मिलने के बाद इस मामले ने एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और आगामी सुनवाई में कई अहम पहलुओं पर स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।












