डेंगू, टायफाइड और अन्य मौसमी बीमारियों से बचने के लिए पूरी सतर्कता बरतें लोग: सीएमओ
बारिश के मौसम में बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. बिपिन ठाकुर ने एक अहम वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि डेंगू, टायफाइड और अन्य मौसमी बीमारियों से बचने के लिए पूरी सतर्कता बरतें और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें। डॉ. ठाकुर ने कहा कि मानसून का समय संक्रमण और मच्छरजनित रोगों के फैलने का प्रमुख कारण बनता है। लेकिन यदि लोग थोड़ी सी सावधानी बरतें तो इन बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि डेंगू और टायफाइड जैसी बीमारियां इस मौसम में सबसे अधिक फैलती हैं। डेंगू मच्छरों से फैलता है जो साफ पानी में पनपते हैं, जबकि टायफाइड दूषित भोजन और पानी के सेवन से होता है। डॉ. बिपिन ठाकुर ने कहा कि यदि किसी को बुखार, उल्टी, कमजोरी या शरीर में दर्द जैसे लक्षण महसूस हों तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। इलाज में देरी न करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। थोड़ी सी सावधानी बड़ी बीमारी से बचा सकती है। डॉ. ठाकुर की यह पहल न केवल समय की ज़रूरत है, बल्कि उनके जनसेवा के प्रति समर्पण को भी दर्शाती है। स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है कि हर नागरिक को जरूरी जानकारी और सुविधाएं समय पर मिलें। मानसून में सावधानी ही सुरक्षा है। आइए, खुद भी सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।












