अंदरौली में बनेगा वाटर स्पोट्र्स हॉट स्पॉट
कुटलैहड़ अब विश्व के पर्यटन मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। रविवार को कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने अंदरौली में 16.54 करोड़ के पर्यटन हॉट स्पॉट का शिलान्यास किया। उन्होंने बड़े विजन के साथ बताया कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होते ही कुटलैहड़ को गोवा जैसे पर्यटन स्थलों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इस परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए सरकार द्वारा 16 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है। यह निवेश न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा। विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि इस परियोजना से सीधे तौर पर 22 पंचायतों को लाभ मिलेगा और करीब 500 युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। विवेक शर्मा ने कहा कि परियोजना के अंतर्गत न केवल भौतिक ढांचे का विकास होगा, बल्कि युवाओं को विशेष प्रशिक्षण देकर उन्हें पर्यटन उद्योग से जोड़ा जाएगा। विवेक शर्मा ने बताया कि इस क्षेत्र के युवाओं को पौंग डैम से विशेष रूप से बुलाए गए प्रशिक्षकों द्वारा ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसमें वाटर स्पोट्र्स, गाइडिंग, होस्पिटैलिटी और अन्य पर्यटन संबंधित सेवाएं शामिल होंगी। विवेक शर्मा ने अपने संबोधन में विशेष रूप से यह बात कही कि अंदरौली का पर्यटन हर्ट हिमाचल प्रदेश का पहला ऐसा स्थल बनेगा जहां गोवा के बाद अब वाटर स्पोट्र्स की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां पर पर्यटकों को बोटिंग, कयाकिंग, वाटर स्कीइंग जैसी गतिविधियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा अत्याधुनिक कैफेटेरिया, रिसॉर्ट्स, पाॄकग, शौचालय, पर्यटक सूचना केंद्र और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। विधायक विवेक शर्मा का यह दावा किया कि यह पर्यटन हार्ट कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर एक नई पहचान देगा। एक बार परियोजना पूरी हो जाने के बाद विदेशी पर्यटक भी यहां का रुख करेंगे। क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को सशक्त करेगी परियोजना अंदरौली की प्राकृतिक सुंदरता और नव विकसित सुविधाएं इसे एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन गंतव्य में तब्दील करेंगी। विवेक शर्मा ने कहा कि इस परियोजना से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प, व्यंजन और परंपराओं को भी एक नया मंच मिलेगा। स्थानीय लोग अपने घरों में होम-स्टे सेवाएं शुरू कर सकेंगे, जिससे उन्हें सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। साथ ही, यह परियोजना क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी सशक्त करेगी। इस मौके पर जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार कश्यप, डीडीओ के एक वर्मा, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, तहसीलदार बंगाणा अमित कुमार,खंड बिकास अधिकारी सुशील कुमार, जल शक्ति एक्सीन राकेश कुमार, जिला पार्षद सदस्य कृष्ण पाल शर्मा, राम आसरा शर्मा सहित आदि मौजूद रहे।
बुनियादी सुविधाओं को किया जाएगा बेहतर
विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ को पर्यटन परियोजना के अंतर्गत क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी और मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर किया जाएगा। परिवहन ढांचे में सुधार से पर्यटकों को अंदरौली तक पहुंचना आसान होगा और यह स्थान सप्ताहांत पर्यटन के लिए एक आदर्श विकल्प बनकर उभरेगा। इस परियोजना को लेकर स्थानीय जनता में भी भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। युवाओं का कहना है कि यह पहल उन्हें अपने ही गांव में रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर देगी।
कुटलैहड़ ने विकास की नई दिशा की ओर बढ़ाया कदम
विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ के अंदरौली में पर्यटन हार्ट की आधारशिला के साथ ही कुटलैहड़ ने विकास की नई दिशा की ओर कदम बढ़ा दिया है। यह परियोजना न केवल हिमाचल प्रदेश के पर्यटन मानचित्र को समृद्ध करेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी। विवेक की इस दूरदर्शी पहल से कुटलैहड़ निश्चित ही नए हिमाचल के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।












