कुल्लू-मनाली हवाई अड्डे पर की मॉक ड्रिल
हाल ही में घटित विमान दुर्घटना के मद्देनजर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा सभी हवाई अड्डों को आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश जारी किए हैं। इसी क्रम में सोमवार को कुल्लू-मनाली हवाई अड्डे पर एक पूर्ण पैमाने की मॉक ड्रिल (आपातकालीन अभ्यास) का सफल आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान एक परिकल्पित विमान दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न की गई। इसमें दमकल सेवा, चिकित्सा दल, एटीसी, सुरक्षा बलों एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा तत्काल और समन्वित प्रतिक्रिया दी गई। राहत एवं बचाव कार्यों को निर्धारित समय के भीतर सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। घटना स्थल पर फायर फाइटिंग, प्राथमिक उपचार, घायलों की त्वरित शिफ्टिंग और भीड़ नियंत्रण आदि सभी पहलुओं का यथार्थपरक अभ्यास किया गया। इस संयुक्त मॉक ड्रिल में अग्निशमन विभाग, स्थानीय अस्पताल, सीआईएसएफ, एटीसी, सुरक्षा शाखा, एयरपोर्ट प्रचालन विभाग समेत सभी हितधारकों की सक्रिय सहभागिता रही। एयरपोर्ट निदेशक सिद्धार्थ कुमार द्वारा पूरे अभ्यास की निगरानी की गई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल से सभी एजेंसियों के मध्य आपसी समन्वय एवं त्वरित कार्रवाई की क्षमता का परीक्षण होता है, जो किसी भी वास्तविक आपात स्थिति में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होती हैं। अभ्यास के दौरान सीआईएसएफ, एयरपोर्ट के सभी विभागाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।












