मंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वोल्वो बस से 1.645 किलो चरस बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना औट की टीम ने NH-03 पर नाकाबंदी के दौरान एक निजी वोल्वो बस से 1.645 किलोग्राम चरस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना औट की टीम थलौट स्थित थाना गेट पर नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान कुल्लू से दिल्ली जा रही एक निजी वोल्वो बस को जांच के लिए रोका गया। बस में सवार दो यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर तलाशी ली गई, जिसमें उनके कब्जे से 1.645 किलो चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम निवासी रेवाड़ी (हरियाणा) और मोहन लाल निवासी भुंतर (जिला कुल्लू) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था। एसपी मंडी विनोद कुमार ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।






