सिरमौर के गणेश मंदिर में बड़ी चोरी, 45 लाख की चांदी की पालकी और सोने के कुंडल ले उड़े चोर
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के ददाहू क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध गणेश मंदिर में गुरुवार तड़के अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर भगवान गणेश की करीब 18 किलो वजनी चांदी की पालकी, सोने के कुंडल और चढ़ावे के करीब 40 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
यह चोरी सैनधार क्षेत्र की कोटला मोलर पंचायत स्थित प्रसिद्ध गणेश मंदिर में हुई। गुरुवार सुबह जब मंदिर के कपाट खोले गए तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। मंदिर समिति के अनुसार चोर भगवान गणेश की करीब 18 किलो वजनी चांदी की पालकी, जिसकी कीमत लगभग 45 लाख रुपये आंकी जा रही है, अपने साथ ले गए। इसके अलावा भगवान के सोने के कुंडल और चढ़ावे के रूप में रखे करीब 40 हजार रुपये भी चोरी कर लिए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर पूरी तैयारी के साथ मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और रिकॉर्डिंग वाला डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
हैरानी की बात यह है कि मंदिर गांव के बीचोंबीच स्थित है, लेकिन देर रात हुई इस बड़ी चोरी की भनक किसी को नहीं लगी। सुबह मंदिर खुलने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद मंदिर समिति ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित सुरागों की भी जांच की जा रही है।
मंदिर समिति के प्रधान अर्जुन ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। वहीं, पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।






