भ्रष्ट अधिकारियों के आगे पूरी तरह ‘कंप्रोमाइज़्ड’ हैं CM सुक्खू : जयराम ठाकुर
अनिल शर्मा। मंडी
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है। मंडी से जारी प्रेस बयान में जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू भ्रष्ट अधिकारियों के आगे पूरी तरह “कंप्रोमाइज़्ड” हो चुके हैं और अब वे अधिकारियों के हाथों की कठपुतली बनकर रह गए हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कार्यवाहक मुख्य सचिव को स्थायी नियुक्ति दिए जाने के फैसले पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस अधिकारी की नियुक्ति को माननीय उच्च न्यायालय में जनहित याचिका के माध्यम से चुनौती दी गई है और जिस मामले में सरकार को कोर्ट की ओर से नोटिस जारी हो चुका है, ऐसे संवेदनशील समय में उसी अधिकारी को स्थायी मुख्य सचिव बनाना सरकार की मंशा पर बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत तीन एफआईआर दर्ज हैं। साथ ही चर्चित चेस्टर हिल बेनामी संपत्ति मामले में भी उनका नाम सामने आ चुका है। इसके बावजूद सरकार कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस नेताओं और उनकी “मित्र मंडली” के कई राज इन अधिकारियों के पास दबे हुए हैं, जिसके कारण मुख्यमंत्री उनके खिलाफ कोई कदम उठाने की स्थिति में नहीं हैं।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री सुक्खू इतने बेबस हो चुके हैं कि भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे अधिकारियों को न सिर्फ बचाया जा रहा है, बल्कि उन्हें पुरस्कृत भी किया जा रहा है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार ऐसे अधिकारियों को सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार या पुनर्नियुक्ति देने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री उन्हीं अधिकारियों से घिरे हुए हैं जिन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगते रहे हैं।
मोदी सरकार की जल नीति की सराहना
दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष ने पीएम मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना करते हुए कहा कि “मोदी जी की गारंटी मतलब हर काम पूरा होने की गारंटी।” उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान सिंधु जल समझौते के निलंबन को लेकर सवाल उठाने वालों को प्रधानमंत्री मोदी ने करारा जवाब दिया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने पाकिस्तान जाने वाले पानी को भारत के भीतर उपयोग में लाने के उद्देश्य से ₹2,620 करोड़ की दो बड़ी टनल परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में ₹2,352 करोड़ की लागत से बनने वाली 8.7 किलोमीटर लंबी “चेनाब-ब्यास लिंक टनल” शामिल है। इस परियोजना के माध्यम से चेनाब की सहायक चंद्रा नदी के अतिरिक्त पानी को हाइड्रोलिक संरचनाओं के जरिए ब्यास बेसिन की ओर मोड़ा जाएगा।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के सलाल बांध में ₹268 करोड़ की लागत से सेडिमेंट-बायपास टनल का निर्माण किया जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह ऐतिहासिक इंटर-बेसिन नदी जोड़ो परियोजना न केवल पाकिस्तान की ओर जाने वाले पानी को रोकेगी, बल्कि हिमाचल प्रदेश में बिजली उत्पादन को भी बढ़ावा देगी। साथ ही पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों को भी इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
पंचायती राज चुनावों में भाजपा को मिले समर्थन पर जताया आभार
नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश में पहले चरण के तहत संपन्न पंचायती राज चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को मिले जनसमर्थन के लिए प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दावा किया कि अधिकांश स्थानों पर भाजपा विचारधारा से जुड़े उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है और जिला परिषद तथा पंचायत समिति चुनावों में जनता ने कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ स्पष्ट संदेश दिया है।
उन्होंने कुछ प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव में काम कर रहे कुछ अधिकारियों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में निष्पक्ष भूमिका नहीं निभाई। जयराम ठाकुर ने कहा कि कई क्षेत्रों से चुनावी प्रक्रिया में कोताही और धांधली की शिकायतें सामने आई हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।
प्रोफेसर नागेश ठाकुर के पिता के निधन पर जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में भौतिकी के प्राध्यापक प्रोफेसर नागेश ठाकुर के पूज्य पिता राम सिंह के निधन पर भी गहरा दुख व्यक्त किया।
जयराम ठाकुर जोगिंदर नगर के समहोली स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने प्रोफेसर नागेश ठाकुर और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं प्रकट कीं। इस दौरान उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।






