फोरलेन पर कार से 6 ग्राम चिट्टा बरामद, मंडी के दो युवक गिरफ्तार
अनंत ज्ञान, सुंदरनगर
किरतपुर-मनाली फोरलेन पर वीरवार को सुंदरनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में मंडी जिला के दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम पुंघ क्षेत्र में नियमित नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से सुंदरनगर आ रही कार नंबर HP-82A-0373 को शक के आधार पर रोका गया। पुलिस द्वारा कार की तलाशी लेने पर फुटमैट के नीचे छिपाकर रखा गया 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही कार में सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान कशिश (32) पुत्र रोशन निवासी गांव दरबाथू, डाकघर लोहारा, तहसील बल्ह जिला मंडी तथा रतुल (24) पुत्र अनूप ठाकुर निवासी गांव दाण, डाकघर बग्गी, तहसील बल्ह जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि आरोपी चिट्टे की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे किस क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। मामले की पुष्टि एसपी मंडी विनोद कुमार ने की है।






