HPTU ने प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ाई, इस तारिख तक कर सकते हैं आवेदन
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि बढ़ाकर अब 22 अप्रैल कर दी है। पात्र अभ्यर्थी बी.टेक, बी फार्मेसी, एमबीए, एमसीए सहित अन्य कोर्सों के लिए निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।
अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक प्रवेश परीक्षा के लिए 8700 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें सबसे अधिक लगभग 5000 आवेदन बी.टेक के लिए और करीब 2800 आवेदन बी फार्मेसी के लिए आए हैं। इसके अतिरिक्त अन्य पाठ्यक्रमों के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षाएं 9 और 10 मई को आयोजित की जाएंगी। 9 मई को सुबह 9 से 11 बजे तक बीएससी एचएम एंड सीटी/बीएचएमसीटी तथा एमएससी पर्यावरण विज्ञान की परीक्षा होगी।
वहीं 10 मई को सुबह 9 से 11 बजे तक एमएससी भौतिक विज्ञान, 9 से 12:15 बजे तक बी.टेक और बी फार्मेसी की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसी दिन सायं 2 से 4 बजे तक एमसीए, एमबीए और एमबीए टूरिज्म की प्रवेश परीक्षा होगी।
अधिष्ठाता ने बताया कि अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और अन्य विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।












