अमृतसर में दिनदहाड़े ASI की गोली मारकर हत्या, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
पंजाब के अमृतसर में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ड्यूटी पर जा रहे पंजाब पुलिस के एक एएसआई की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक पुलिसकर्मी की पहचान एएसआई जोगा सिंह के रूप में हुई है, जो ट्रैफिक पुलिस अमृतसर में तैनात थे। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
जानकारी के मुताबिक, एएसआई जोगा सिंह सुबह अपने गांव घनिके बांगड़, बटाला से अमृतसर के लिए निकले थे। वह स्कूटी पर सवार होकर ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मजीठा थाना क्षेत्र के गांव हमजा के पास अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने चलते वाहन पर ही गोली चलाई, जिससे जोगा सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने घायल पुलिसकर्मी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी की ओर से जारी बयान में बताया गया कि एएसआई जोगा सिंह वर्तमान में ट्रैफिक पुलिस अमृतसर में तैनात थे और घटना उस समय हुई जब वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर अमृतसर की ओर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार वारदात बटाला-मजीठा रोड से हटकर सड़क किनारे हुई और फिलहाल घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान हर एंगल को ध्यान में रखा जा रहा है। शुरुआती जांच में व्यक्तिगत रंजिश, टारगेट किलिंग और रोड रेज जैसी संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, लेकिन आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।






