बिलासपुर AIIMS में तीमारदारों के पैसे-सामान पर हाथ साफ, 43,340 रुपये और मोबाइल समेत दो युवक गिरफ्तार
एम्स कोठीपुरा के ए-ब्लॉक में मरीजों के तीमारदारों के पैसे और सामान चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 14 सितंबर को तड़के करीब तीन बजे चोरी की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को चोरी किए गए बैग सहित काबू किया गया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें 43,340 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान हमीरपुर के भोरंज क्षेत्र निवासी शिवम और साहिल खान के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना सदर में चोरी समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं और क्या उन्होंने पहले भी अस्पताल परिसर में ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी साहिल खान के खिलाफ पहले से मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज है और वह हाल ही में अदालत से जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस अब उसकी जमानत रद्द करवाने के लिए अदालत में पक्ष रखेगी।






