प्रदेश की सुक्खू सरकार ने हिमाचल को 50 साल पीछे धकेला: महाजन
राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि 11 सालों में भारत ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ऊंचाइयों को छुआ। सोलन में आयोजित पत्रकार वार्ता में हर्ष महाजन ने कहा कि जब से केंद्र में मोदी सरकार बनी है तब से देश सुरक्षित हाथों में आया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 11 साल बेमिसाल रहे है। इन सालों में साल दर साल कैलेंडर बदलता रहा और भारत आगे बढ़ता रहा। महाजन ने कहा कि आज हम गर्व से कह सकते हैं कि विकास-विश्वास और विरासत के 11 साल उपलब्धियां विशाल, सेवा बेमिसाल की तरह रहे है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला। यूपीए सरकार के समय 25 फीसदी लोग गरीबी रेखा से नीचे थे जबकि अब मात्र 5 फीसदी लोग गरीबी रेखा से नीचे बचे हैं। जिसके लिए मोदी सरकार लगातार कार्य कर रही है। सांसद ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में 4 करोड़ पक्के मकान दिए, 15 करोड़ घरों को दिया नल से जल की सुविधा दी। पीएम मोदी ने 12 करोड़ शौचालय बनाकर मिसाल पेश की। करीब 11 करोड़ बहनों को रसोई गैस सिलेंडर दिया है। 60 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपए का इलाज आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त में दिया है।
केंद्र के पैसों से चल रही सरकार
हर्ष महाजन ने कहा कि हिमाचल सरकार केंद्र के पैसो से चल रही है। महाजन ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि मैंने आज तक बहुत सी सरकारों को देखा है लेकिन आज जो हालत प्रदेश की वर्तमान सरकार ने प्रदेश की कर दी है उससे हमारा हिमाचल 50 साल पीछे चला गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आईएएस अधिकारियों को लगाया है जिन्हें कुछ पता ही नहीं है। सरकार को प्रदेश की जन समस्याओं से कोई लेना देना इस सरकार को नहीं है।












