सरकार के गठन के 4 साल बाद कुल्लू को मिलेगा मंत्री पद! सुंदर सिंह ठाकुर की ताजपोशी की तैयारी
हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार के गठन के करीब चार साल बाद कुल्लू को एक बार फिर कैबिनेट में प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। कुल्लू सदर से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के हवाले से माना जा रहा है कि मानसून सत्र से पहले उन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है।
सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने का संकेत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही विधानसभा के बजट सत्र के दौरान दे चुके हैं। फरवरी 2026 में सदन में हुई तीखी बहस के बीच मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा था कि सुंदर सिंह ठाकुर को जल्द मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।
कुल्लू को मिलेगा कैबिनेट में प्रतिनिधित्व
वर्तमान में कुल्लू जिले से कोई विधायक प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल नहीं है। ऐसे में सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाए जाने से कुल्लू को सरकार में सीधा प्रतिनिधित्व मिल जाएगा। राजनीतिक तौर पर भी इसे क्षेत्रीय संतुलन के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
सुंदर सिंह ठाकुर इससे पहले सुक्खू सरकार में मुख्य संसदीय सचिव रह चुके हैं। हालांकि नवंबर 2024 में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने छह मुख्य संसदीय सचिवों की नियुक्तियां रद्द कर दी थीं।
सरकार के ऐलान के बाद अब शपथ का इंतजार
मुख्यमंत्री के विधानसभा में सार्वजनिक ऐलान के बाद अब नजर इस बात पर है कि सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री पद की शपथ कब दिलाई जाती है। हालांकि मानसून सत्र से पहले शपथ की तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।
मंत्री पद मिलने की स्थिति में सुंदर सिंह ठाकुर के सामने कुल्लू की पर्यटन, सड़क, आपदा प्रबंधन और बागवानी से जुड़ी चुनौतियों के साथ-साथ जिले की लंबित विकास योजनाओं को गति देने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
सरकार की ओर से मार्च 2026 में सुंदर सिंह ठाकुर को कुल्लू जिला योजना विकास एवं 20-सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था।
अब सियासी गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि मुख्यमंत्री सुक्खू का फरवरी में किया गया ऐलान कब अमल में आता है और कुल्लू को मंत्री पद की सौगात किस तारीख को मिलती है।






