हिंदी विषय पर सोलन में कार्यशाला का हुआ आयोजन
सीबीएसई के प्रशिक्षण केंद्र सीओई पंचकूला के सौजन्य से हिंदी विषय पर आधारित (कोर्स बी) कार्यशाला का आयोजन एमआरए डीएवी पब्लिक स्कूल सोलन में किया गया। कार्यशाला में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित पंजाब, हरियाणा एवं उत्तराखंड जैसे पड़ोसी राज्यों से आए 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यशाला के समापन पर विद्यालय की प्राचार्या मासूमा सिंघा ने सीओई पंचकूला, दोनों विशेषज्ञों तथा सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साह, समर्पण और रचनात्मक सहभागिता के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया। कार्यशाला का उद्देश्य माध्यमिक स्तर पर हिंदी शिक्षण को अधिक प्रभावी, रचनात्मक एवं नवाचार से युक्त बनाना था। इसमें विशेष रूप से पाठ योजना निर्माण, वैकल्पिक मूल्यांकन तथा सतत विकास लक्ष्यों जैसे विषयों को हिंदी शिक्षण से एकीकृत करने के तरीके प्रस्तुत किए गए। मुख्य संसाधन व्यक्तियों के रूप में डॉ. चित्रा आनंद एवं जोशना देवी ने प्रतिभागियों को हिंदी के चारों कौशल (सुनना, बोलना, पढऩा, लिखना) के समन्वय के साथ-साथ संवाद शैली, नाट्य रूपांतरण और विद्यार्थियों की भागीदारी पर केंद्रित शिक्षण तकनीकों से परिचित कराया। कार्यशाला की एक आकर्षक गतिविधि के अंतर्गत प्रतिभागियों ने निर्धारित वाक्यों एवं संवादों के आधार पर मौलिक कहानियां रचीं, जिन्हें उन्होंने समूहों में प्रस्तुत किया। इस रचनात्मक लेखन गतिविधि ने शिक्षकों में कल्पनाशीलता और समूह सहयोग की भावना को प्रोत्साहित किया।












