चंबा: नकरोड़-हिमगिरी मार्ग पर गहरी खाई में गिरी कार, 4 लोगों की मौ*त
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में आए दिन भीषण सड़क हादसे सामने आ रहे हैं. लगातार हो रहे सड़क हादसों के चलते कई परिवारों के चिराग बुझ रहे हैं. एक बार फिर से जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हुई है.
खाई में कार गिरने से 4 लोगों की मौत
पुलिस के अनुसार, नकरोड़-हिमगिरी मार्ग पर एक ऑल्टो कार गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई. फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह हादसा देर रात हुआ है जिसकी सूचना सुबह लोगों को मिली और फौरन पुलिस को अवगत करवाया. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. ताकि मृतकों को खाई से बाहर निकाला जा सके.
जांच में जुटी मौके पहुंची पुलिस की टीम
हालांकि, चम्बा जिला के एसपी विजय कुमार सकलानी ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि, "सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू शुरू कर दिया है. आखिर यह हादसा कैसे हुआ है, इसके बारे में पुलिस की टीम गहनता के साथ जांच कर रही है.
शनिवार को भी सड़क हादसे में गई 4 लोगों की जान
बता दें कि, जून महीने में चंबा जिले में कई बड़े हादसे हुए हैं. शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे भी चंबा जिले के भरमौर उपमंडल में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. सामरा-उरेई संपर्क मार्ग पर एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर 300 फीट गहरी गहरी खाई में लुढ़कते हुए नाले में जा गिरी. हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल जाते वक्त दम तोड़ दिया. वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा में भर्ती कराया गया है.






