जापान में देश का प्रतिनिधित्व करेगी ऊना की साक्षी
एससीईआरटी सोलन से इंस्पायर मानक योजना के अंतर्गत जिला ऊना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाडला की छात्रा व नन्हीं वैज्ञानिक साक्षी भारद्वाज का चयन जापान के प्रतिष्ठित सकूरा (साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम) के लिए हुआ है। यह प्रदेश के गौरव की बात है कि भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से आयोजित की जाने वाली इंस्पायर मानक योजना के अंतर्गत देशभर से चयनित 54 नन्हें वैज्ञानिकों (विद्यार्थियों) में साक्षी भी शामिल है। साक्षी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने प्रोजेक्ट वर्सेटाइल नेक फैन को प्रदर्शित कर विजेता घोषित की गई थी। सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अब साक्षी जापान के लिए रवाना होगी और वहां 15 जून से 21 जून तक जापान की विज्ञान व प्रौद्योगिकी बारीकी को समझेगी। उल्लेखनीय है कि जनवरी, 2024 में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी में साक्षी भारद्वाज का चयन 11वीं राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी के लिए किया गया था। साक्षी ने सितंबर, 2024 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय प्रदर्शनी में प्रदेश के अन्य चार बच्चों के साथ हिस्सा लिया था। इस प्रदर्शनी में उसके प्रोजेक्ट को काफी सराहना मिली थी और साक्षी भारद्वाज को देशभर के 31 विजेताओं में शामिल किया गया था। इसके पश्चात आशा जताई जा रही थी कि साक्षी का नाम सकूरा प्रोग्राम के तहत शॉर्टलिस्ट कर लिया जाएगा। आशा अनुरूप इस प्रोग्राम के लिए देशभर से चुने गए 54 बच्चों में साक्षी को भी शामिल किया गया है। साक्षी अब जापान साइंस एंड टेक्नोलॉजी एजेंसी (जेएसटी) के माध्यम से सकूरा प्रोग्राम के तहत जापान के भ्रमण पर जाएगी। साक्षी 15 से 21 जून तक जापान की साइंस एंड टेक्नोलॉजी की बारिकियों से रू-ब-रू होंगी। एससीईआरटी की प्राचार्या रजनी सांख्यान ने साक्षी को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।












