अधिकारियों की पदोन्नति के लिए नई शर्त, ऑनलाइन परीक्षा में 50% अंक लाना अनिवार्य
हिमाचल प्रदेश में अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों की पदोन्नति को लेकर नए नियम लागू किए गए हैं। अब अधिकारियों को आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर निर्धारित ऑनलाइन कोर्स पूरे करने के साथ मूल्यांकन परीक्षा में कम से कम 50 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। परीक्षा में प्रदर्शन का असर अधिकारियों की वार्षिक कार्य निष्पादन मूल्यांकन रिपोर्ट यानी एपीएआर पर भी पड़ेगा। इसके लिए परीक्षा का परिणाम सीधे स्पैरो पोर्टल के माध्यम से एपीएआर में दर्ज किया जाएगा। आदेश के अनुसार, अधिकारियों को निर्धारित छह कोर्स में से कम से कम 50 प्रतिशत कोर्स पूरे करने होंगे, जिसके बाद परीक्षा का विकल्प खुलेगा। वरिष्ठ अधिकारियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और भगवद्गीता से नेतृत्व जैसे विषय शामिल हैं, जबकि अन्य स्तरों पर साइबर सुरक्षा, डिजिटल कौशल और तनाव प्रबंधन पर जोर दिया गया है।






